1 min read

सपा सांसद के काफिले  की गई जांच,नहीं मिली 50हजार की इनामियां अफ्सा अंसारी

गाजीपुर। गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी के काफिले में शामिल वाहनों की चेकिंग को लेकर पुलिस प्रशासन और सांसद के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक ओर पुलिस इसे खुफिया इनपुट के आधार पर की गई कार्रवाई बता रही है, वहीं सांसद ने इसे प्रोटोकॉल उल्लंघन और अभद्र व्यवहार करार दिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को खुफिया एजेंसियों के माध्यम से सूचना मिली थी कि आईएस-191 गैंग के पूर्व सरगना मुख्तार अंसारी की पत्नी एवं 50 हजार रुपये की इनामी फरार अपराधी आफ्सा अंसारी सांसद के काफिले में शामिल किसी वाहन में मौजूद है। यह भी इनपुट मिला था कि वह अदालत में हाजिर हो सकती हैं। इसी आधार पर सांसद के काफिले में शामिल वाहनों की तलाशी ली गई।

एसपी ने स्पष्ट किया कि तलाशी के दौरान प्रोटोकॉल का पालन किया गया। कानून-व्यवस्था के तहत पुलिस को कार्रवाई करने का अधिकार है। वहीं सपा सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि पुलिस ने सांसद प्रोटोकॉल का पालन किए बिना काफिले में शामिल लोगों के साथ अभद्रता की और वाहनों में बैठे लोगों के नाम, पते व मोबाइल नंबर नोट किए गए। सांसद ने कहा कि वह बृहस्पतिवार को अपने समर्थकों के साथ दिशा की बैठक में शामिल होने जिला मुख्यालय आ रहे थे।
अफजाल अंसारी ने कहा कि पुलिस को मिले इनपुट पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और इनपुट के आधार पर जांच करना पुलिस का अधिकार है, लेकिन उसका एक निर्धारित तरीका और मर्यादा होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मनमानी की और सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया। सांसद ने कहा कि इस मामले को वह उचित मंच पर उठाएंगे और पुलिस को इसका जवाब देना होगा। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को जब सपा सांसद अफजाल अंसारी अपने समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय दिशा की बैठक में शामिल होने आ रहे थे तभी आलमपट्टी के पास पुलिस ने उनके काफिले में शामिल वाहनों को रोककर तलाशी ली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *