1 min read

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर से कार व ट्रक भिड़े, एक की मौत सात घायल

गाजीपुर बरेसर,। थाना क्षेत्र के मुस्सेपुर गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे पर रविवार को एक ही जगह पर हुए दो सड़क हादसों में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं सात लोग घायल हो गए हैं।
सुबह विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से कार और ट्रक सहित तीन वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में चालक सहित सात लोग घायल हो गए। दाेपहर बाद उसी स्थान पर ही कार की टक्कर से सड़क पार कर रहे माली कैलाश यादव (55) की मौत हो गई। घटना स्थल से कुछ दूरी से पुलिस ने कार को बरामद कर लिया। जबकि चालक भाग गया।

थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मुस्सेपुर गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे पर सुबह करीब 8.25 बजे विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से कार व ट्रक सहित तीन वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में घायल होने वालों में ट्रक चालक पंकज, कार चालक इतवार सिंह, कार सवार शुभम, पुष्पा, प्रतिमा, प्रतिभा और एक दो माह की नवजात भी शामिल है। कार सवार हरियाणा से बिहार के समस्तीपुर जा रहे थे। घायलों का उपचार मऊ के निजी अस्पताल में चल रहा है। जहां घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया है। तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़कों से हटा दिया गया है। इधर, दोपहर बाद उसी स्थान पर पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे की देखरेख में लगी निजी कंपनी में तैनात माली करीमुद्दीनपुर थाना के गंधपा निवासी कैलाश यादव की सड़क पार करते समय कार की धक्के से मौत हो गई। वह पूर्वांचल एक्सप्रेस के किनारे लगे पेड़ पौधों की देखभाल और निराई-गुड़ाई करता था। घटना स्थल से कुछ दूरी पर कार को भी बरामद कर लिया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार की महिलाएं थाने पहुंच गईं और कैलाश यादव का शव देखकर रोने- बिलखने लगी। थानध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मृतक की पत्नी परमावती देवी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि कार को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *